बबेरू। देवी दर्शन कर गांव लौटते समय ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 20 श्रद्धालु घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में ज्यादातर बच्चे हैं।
घटना कोतवाली क्षेत्र के औगासी गांव में शनिवार की शाम हुई। कमासिन थाना क्षेत्र के अमलोखर गांव से लगभग 30 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर बाकल गांव स्थित जोगनी देवी मंदिर दर्शन और पूजन के लिए गए थे। शाम को लौटते समय औगासी गांव के नजदीक तेज रफ्तार ट्रैक्टर असंतुलित हो जाने से ट्रॉली पलट गई। इसमें दबकर 20 लोग घायल हो गए।
इनमें कलावती (40), धीरू (15), रज्जू (25), अंकित (8), वीरसेन (12), अनूसुइया देवी (17), शांति देवी (30), करन (14), देवरतिया (50), अंकिता (7), लक्ष्मी (18), अभिषेक (12), भानमती (13), सुशीला देवी (22), आरती (18), श्याममूरत (35), रेशमा (12), आयशा (6), अरुण कुमार (12) आदि शामिल हैं।
राहगीरों की सूचना पर 108 व 102 एंबुलेंस के अलावा निजी साधनों से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कलावती, श्याममूरत, सुशीला देवी, शांति देवी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों ने बताया कि अचानक सामने आ गए बाइक को बचाने में हादसा हुआ।