बांदा। आयुष्मान योजना से संबद्ध निजी अस्पतालों में मनमानी की शिकायतों से गर्भवतियों के इलाज पर रोक लगा दी गई है। अब निजी अस्पतालों में गर्भवतियों का कैशलेस इलाज नहीं होगा। आरोप है कि सामान्य प्रसव की बजाय निजी अस्पतालों में आपरेशन किए जा रहे हैं। इसी वजह से शासन द्वारा नामित एजेंसी साचीज ने इस पर सख्त फैसला लिया है। हालांकि यहां निजी अस्पतालों में अब तक कोई प्रसव न होने का नोडल अधिकारी ने दावा किया है।
आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्डधारकों के पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की व्यवस्था है। इस योजना से जिले में छह निजी अस्पताल संबद्ध हैं। सात लाख 94 हजार 583 सदस्य पात्रता सूची में शामिल हैं। इनमें अब तक एक लाख 85 हजार 969 लोगों के ही गोल्डन कार्ड बने हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 8565 लोगों का मुफ्त इलाज हुआ। इनमें करीब 729 मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में हुआ।
अब तक आयुष्मान से संबद्ध निजी अस्पतालों में भी प्रसव की छूट थी। योजना से मुफ्त प्रसव कराया जाता था। सामान्य प्रसव के साथ ऑपरेशन की सुविधा भी इसमें शामिल थी, लेकिन निजी अस्पताल में सामान्य प्रसव की बजाय ज्यादातर आपरेशन होने लगे। इसकी शिकायतें मिलने लगीं। नतीजे में आयुष्मान योजना के लिए नामित फर्म साचीज ने प्रदेश भर में निजी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं के इलाज और प्रसव पर रोक लगा दी है। साथ ही निजी अस्पतालों में अब तक हुए प्रसवों की जांच भी शुरू हो गई। अब योजना के तहत सिर्फ सरकारी अस्पतालों में गर्भवतियों का इलाज और प्रसव होगा।
जिला प्रोग्राम मैनेजर (आयुष्मान योजना) डॉ.धीरेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में आयुष्मान योजना से निजी अस्पतालों में प्रसव संबंधी कोई केस नहीं हुए हैं। पूरे साल अवनि परिधि अस्पताल में सिर्फ तीन बच्चेदानी आपरेशन हुए। प्रति केस लगभग 20 हजार रुपये की दर से 60 हजार रुपये भुगतान किया गया। भुगतान साचीज एजेंसी ने किया। हालांकि भुगतान से पूर्व साचीज कंपनी द्वारा गठित टीम जांच करती है। गर्भवती महिलाओं का इलाज और प्रसव मेडिकल कालेज और महिला अस्पताल में कैशलेस होता है।
बांदा जिले में आयुष्मान योजना से संबद्ध निजी अस्पताल
अवनि परिधि अस्पताल, शाश्वत मेडिकल सेंटर, विक्रम चाइल्ड केयर, अक्षत मैटरनिटी सेंटर, नवाब चैरिटी हास्पिटल और कमला नर्सिंग होम (अतर्रा) आदि। इनके अलावा मेडिकल कालेज, जिला पुरुष और महिला अस्पताल सहित सात सीएचसी/पीएचसी शामिल हैं।