बांदा। स्नातक के छात्र ने घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में दीवार पर गड़ी खूंटी से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन खुदकुशी की वजह नहीं बता पा रहे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बलखंडी नाका मोहल्ला निवासी श्रजल (20) ने मंगलवार की शाम साढ़े पांच बजे के करीब दुपट्टे से फंदा लगा लिया। घर के लोग समझ रहे थे कि वह कमरे में सोने गया है। काफी देर बाद जब उसका दोस्त कमरे में जगाने गया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। तब मां रजनी गईं और किसी तरह दरवाजा खोला तो वह फंदे से लटका था। उसे जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिता संतोष गुप्ता ने बताया कि वह पंडित जेएन डिग्री कॉलेज में बीए फाइनल का छात्र था। 29 मई को उसने आखिरी पेपर दिया था। मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता का कहना है कि वह खुद नहीं समझ पा रहे कि उसने यह कदम क्यों उठाया। शहर कोतवाली इंस्पेक्टर मनोज शुक्ला ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला है। परिजन वजह नहीं बता पा रहे हैं। मृतक का मोबाइल कब्जे में लेकर कॉल डिटेल खंगाली जा रही है।