बांदा। पैलानी थाना क्षेत्र के जोगी मोहल्ला के पास बांदा-हमीरपुर मार्ग पर आटो व बाइक की आमने-सामने टक्कर हो जाने से बाइक चालक की मौके पर मौत हो गई।
पैलानी थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी गणेशा उर्फ शिवाकांत (22) बाइक से पैलानी डेरा की तरफ जा रहा था। जोगी मोहल्ला के पास सामने से आ रही ऑटो से उसकी टक्कर हो गई। मौके पर ही गणेशा की मौत हो गई। ऑटो सवार सुमेरपुर के भरुआ निवासी राजेश और चौकी पुरवा निवासी भोला उर्फ वीरेंद्र को घायल हालत में एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कराया। आटो चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष पैलानी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि गणेशा की हादसे में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।