बांदा। शहर के दो अलग-अलग मोहल्लों में दबंगों ने अभद्रता कर दो भाइयों को जिंदा जलाने का प्रयास किया। बहन के घर के बाहर अभद्रता कर रहे लोगों को समझाने पहुंचे भाई को दबंगों ने पीट दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के छाबीतालाब निवासी आशीष पाठक ने बताया कि उसकी बहन मुक्तिधाम रोड क्योटरा में रहती है। बहन अर्पिता का फोन आया कि कुछ लोग उसके दरवाजे अभद्रता कर रहे हैं। जब वह वहां पहुंचा तो वहां मौजूद पंकज, राजू, अंशु, विजय आदि ने उस पर लाठी-डंडों से वार कर गंभीर घायल कर दिया। आशीष की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के कालूकुआं मोहल्ला निवासी एक कंपनी के एरिया मैनेजर अभय प्रताप सिंह गौर ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सोनू सिंह व सिद्धार्थ ने अपने छह साथियों के साथ उसके घर में हमला कर उसके भाइयों कर्णप्रताप सिंह व उदय प्रताप सिंह के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। बीच बचाव करने आई मां और बहन को मारा पीटा। अभय ने बताया कि सोनू व सिद्धार्थ कंपनी के माध्यम से उससे लाभ लेना चाह रहे थे। इनकार करने पर उन्होंने यह घटना की है। शहर कोतवाली में सभी छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।