बांदा जिले में केन नदी मुक्तिधाम के पास खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्टरी का पुलिस ने शनिवार को भंडाफोड़ किया। इस मामले में बबेरू कोतवाली क्षेत्र के देवरथा गांव के रहने वाले व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ा है। फैक्टरी से 18 तमंचे 315 बोर के, 11 तमंचे 12 बोर, दो रिवाल्वर 32 बोर, धौकनी, ड्रिल मशीन, छेनी, नोहाई, हथौड़ा, आरी, रेती, ब्लेड आदि बरामद किया है।
पुलिस लाइन सभागार में शनिवार को एसपी अभिनंदन ने बताया कि बबेरू कोतवाली क्षेत्र के देवरथा गांव निवासी शिवभवन विश्वकर्मा शनिवार को खुटला मोहल्ले से झोले में तमंचे लेकर जा रहा था। तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर मुक्तिधाम केन नदी के पास स्थित खंडहर से अवैध तमंचे, कारतूस और बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी टीम में शहर कोतवाल संदीप तिवारी, चौकी प्रभारी कालवन गंज सुधीर सिंह, चौकी प्रभारी मर्दननाका अर्पित पांडेय, चौकी प्रभारी बलखंडी नाका सुखराम सिंह, चौकी प्रभारी अलीगंज राजेश मौर्य, चौकी प्रभारी सिविल लाइन धर्मेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।