बांदा। मुख्यमंत्री सामुहिक विवाह योजना के तहत आवेदन अब ऑनालइन होंगे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंडल के चारों जनपदों में 850 बेटियों की शादी का लक्ष्य निर्धारित करते हुए शासन ने 43 करोड़ 35 लाख रुपये समाज कल्याण विभाग को जारी कर दिया है।
इसमें बांदा को 250 व अन्य जनपदों की 200-200 बेटियों की शादी होगी। उप निदेशक समाज कल्याण चित्रकूटधाम मंडल विपिन कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए लाभार्थियों का पंजीयन अब ऑनलाइन होगा।
पहले इसके लिए स्थानीय निकाय और ब्लाक खंड कार्यालयों में आवेदन किए जाते थे। जानकारी न होने से लाभार्थी आवेदक समाज कल्याण व ब्लाक खंड कार्यालयों की दौड़ लगा रहे है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किसी भी जनसेवा केंद्र में जाकर पंजीयन करा सकता है। इसके लिए उसे वर एवं कन्या पक्ष का आधार देना होगा।