बबेरू। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल दूसरे युवक की भी मौत हो गई। एक युवक की मौके पर ही पहले ही मौत हो गई थी।
कस्बे के आश्रम पद्धति विद्यालय के पास खड़े ट्रैक्टर में शुक्रवार की रात सतन्वाय (बबेरू) गांव से लौट रही बोलेरो टकरा गई थी। हादसे में बोलेरो चालक बिहार के छपरा निवासी रितेश सिंह (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि बबेरू निवासी संतोष (26) व देवरिया निवासी सुरेश (29) को सीएचसी पहुंचाया गया था।
यहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जहां देर रात संतोष की भी मौत हो गई। दोनों शवों का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया है। पिता अरुण कुमार ने बताया कि मृतक संतोष दो भाइयों में बड़ा था। उसका अतर्रा रोड में हीरा पैलेस के नाम से मैरिज हाल है। बोलेरो भी संतोष की थी। मृतक रितेश बबेरू में स्थित आरओ प्लांट में काम करता था। वह संतोष के हीरा पैलेस में आकर रुकता था। इससे उनकी दोस्ती हो गई थी। संतोष अविवाहित था।
इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर थाने में खड़ा कराया गया है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।