खड़े ट्रक में घुसा दूसरा ट्रक, क्लीनर की मौत
- हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला
- मरने वाला क्लीनर ट्रक चालक का साला था, मटौंध थाना क्षेत्र के क्रेशर के पास की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। गिट्टी लदे खड़े ट्रक में कबरई से हैदरगढ़ डस्ट लादकर जा रहा ट्रक भिड़ गया। हादसे में डस्ट लादे ट्रक के क्लीनर की मौत हो गई। घटना के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
रविवार देर रात मटौंध थाना क्षेत्र के तुलसी ढाबा के आगे शैलेंद्र सिंह क्रेशर मोड़ पर कबरई से डस्ट लादकर हैदरगढ़ जा रहा ट्रक सड़क पर खड़े गिट्टी लादे ट्रक से भिड़ गया। हादसे में भिड़ने वाले ट्रक के क्लीनर छतरपुर के पुरवा बम्हौरी गांव निवासी पुष्पेंद्र (22) की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर मटौंध थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला।
घटना के संबंध में मृतक के बहनोई महेंद्र ने बताया कि मृतक कबरई में प्लाट लेकर रहता था। वहां उसका बहनोई विनोद भी परिवार के साथ रहता था। जो ट्रक चालक है। रविवार को विनोद साले पुष्पेंद्र के साथ ट्रक में कबरई से डस्ट लादकर हैदरगढ़ जा रहा था। रास्ते में हादसा हो गया। मृतक चार भाई और तीन बहनों में सबसे बड़ा था।
मटौंध थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने बताया कि ट्रक चालक विनोद फरार है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।