बांदा। दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बाइक सवार मां-बेटे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां वृद्धा ने दम तोड़ दिया।
हमीरपुर जिले के मोड़ा कांदर गांव निवासी श्यामबाई (85) बेटे चेतराम (60) के साथ शनिवार की दोपहर बाइक से बेटी माया की ससुराल अतर्रा जा रही थीं। बेटी की ससुराल में रामचरित मानस पाठ का आयोजन होना था। शहर कोतवाली के वन विभाग कार्यालय रोड पर सामने से आई दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें मां-बेटे समेत तीन लोग घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंंचाया। डॉक्टर ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। चेतराम और दूसरे बाइक सवार को भर्ती कराया गया। दूसरा बाइक सवार कुछ देर बाद जिला अस्पताल से खिसक लिया।
शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वन विभाग कार्यालय रोड पर हादसा हुआ है।
उधर, चिल्ला थाना क्षेत्र के पपरेंदा चौकी के पास अतराहट गांव निवासी लक्ष्मी नारायण (25) शनिवार को दोपहर बाइक से जा रहा था। नशे के कारण वह बाइक से असंतुलित होकर गिर गया। जिससे गंभीर घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।