बांदा। जेल गेट पर मंत्री के पहुंचने से पहले हंगामा हो गया। गेट पर मौजूद लोगों ने मिलाई के कर्मचारियों पर वसूली का आरोप लगाया। आरोप यह भी है कि हंगामे की सूचना पर पहुंचे डिप्टी जेलर ने भी लोगो के साथ अभद्रता की।
शनिवार को कारागार मंत्री धर्मवीर सिंह को यहां आना था। उनके आने से पहले ही जेल गेट पर बंदियों से मिलने पहुंचे लोगों ने पर्ची काट रहे लोगों पर वसूली का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर डिप्टी जेलर भी वहां पहुचे। आरोप है कि डिप्टी जेलर ने लोगों को अपशब्द कहते हुए मिलवाने की प्रक्रिया बंद करा दी।
कुछ देर बाद जब मंत्री वहां पहुंचे तो उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी गई। इस मंत्री ने भी डिप्टी जेलर की हरकत पर नाराजगी जताते हुए मामले की जांच कराने की बात कही। इस संदर्भ में जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा का कहना है कि डिप्टी जेलर ने कुछ देर के लिए पर्ची काउंटर बंद तो कराया था, यदि अभद्रता की तो गलत किया। जांच में जो सामने आएगा, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, जेल के कुछ कर्मचारियों ने भी मंत्री को वर्दी व हाउस एलाउंस न मिलने की शिकायत की। जिस पर मंत्री ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर तिवारी का कहना है कि जेल परिसर में ऐसा कोई हंगामा नहीं हुआ है।