बांदा। पति से खाना परोसने को लेकर हुए विवाद के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने दहेज में तीन लाख रुपये न देने पर खाने में जहर मिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के नंदवारा गांव निवासी जानकी (25) का शनिवार दोपहर को खाना परोसने को लेकर पति अतुल से विवाद हो गया था। विवाद के बाद जानकी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। रविवार सुबह जानकी ने दम तोड़ दिया।
मृतका के देवर कृपाल सिंह का कहना है कि मृतका पांच दिन पहले अपने मामा रजियापुरवा कालिंजर में दहिनवारा कार्यक्रम में गई थी। वहां से वह अपने मायके कछारपुर चली गई। शुक्रवार को वह ससुराल आई थी। खाना परोसने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ है। विवाद के बाद जानकी ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
उधर, मृतका के मायके पक्ष से भाई मनोज कुमार निवासी कछारपुर थाना गिरवां ने बताया कि बहन जानकी की शादी 10 दिसंबर 2020 में की थी। बहनोई जूनियर हाईस्कूल जामू में प्राइवेट शिक्षक है। शादी के बाद से पति दहेज में तीन लाख रुपये की मांग कर रहा था।
न देने पर मारपीट कर जहर खिलाकर मार डाला है। मृतका एकलौती थी। इंस्पेक्टर मनोज शुक्ला ने बताया कि जहरीला पदार्थ खाकर जान देने की बात सामने आई है। मृतका पक्ष दहेज हत्या का आरोप लगा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।