संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। हज पर जा रहे आजमीन (हज यात्री) अपने साथ किसी तरह का नशीला या जहरीला सामान और खमीर वगैरह न ले जाएं। अन्यथा सऊदी सरकार सख्त कार्रवाई कर सकती है। हज ट्रेनर हाजी गुलाम मुस्तफा ने हज यात्रियों को ट्रेनिंग देते हुए इस बात से आगाह किया। छिपटहरी मोहल्ले में एक दिन की ट्रेनिंग कैंप का आयोजन मदीना सोसाइटी हज व उमरह ने किया। ट्रेनर हाजी गुलाम मुस्तफा ने हज सफर के सारे अरकान तफसील से समझाए। काबा शरीफ का नमूना रखकर तवाफ का रिहर्सल और एहराम के दौरान लागू होने वाली पाबंदियां वगैरह बताई। हज कमेटी की गाइड लाइन की जानकारी दी। बताया कि बांदा - चित्रकूट से कुल 31 आजमीन हैं। बांदा के सर्वाधिक 23 आजमीन की फ्लाइट 27 अप्रैल को लखनऊ से मदीना रवाना होगी। हाजी फारूक , हाजी जाहिद अली, हमीद मौजूद रहे। हज ट्रेनर हाजी आरिफ खां ने बताया कि जनपद के आजमीन की रवानगी शुरू हो गई है।