अतर्रा। कस्बे के नरैनी रोड निवासी कपड़ा व्यापारी उज्ज्वल सोमवार की रात साढ़े नौ बजे करीब बबेरू से तगादा करके कार से लौट रहे थे। बिसंडा रोड स्थित रेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद होने के कारण वह कार को रोककर इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि तभी पीछे से आई एक अन्य कार सवार चार लोगों ने उनके साथ अभद्रता की। कार की खिड़की का शीशा तोड़कर मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक हमलावरों में से दो लोगों ने उनकी कार की सीट में रखा रुपयों से भरा बैग भी छीन लिया। बैग में छह हजार रुपये थे। उन्होंने घटना की तहरीर अज्ञात में दी है। उधर, कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि मामला कार को ओवरटेक करने का है। रुपये की छिनैती निराधार है। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)