बांदा। नीम के पेड़ से युवक ने फंदा लगा लिया। परिजनों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजपुर गांव निवासी ओमप्रकाश (22) ने घर से 500 मीटर दूर स्थित नीम के पेड़ पर रस्सी से फंदा लगा लिया। ग्रामीणों ने देखा तो प्रधान शिवकुमार प्रजापति को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे प्रधान और पुलिस ने फंदा काटकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से डॉक्टर ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बुधवार की देर रात उसने दम तोड़ दिया।
प्रधान शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि ओमप्रकाश गुरुगांव में रहकर मजदूरी करता था। छह दिन पहले ही वह गांव आया था। तीन भाइयों में छोटा था। पिता रामसेवक गांव में रहकर मजदूरी करते हैं। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि परिजन फंदा लगाने का कारण नहीं बता सके हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।