जसपुरा। गोबर फेंकने खेत गई युवती तारबाड़ी में उतरे करंट की चपेट में आकर झुलस गई। उपचार के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के अमारा गांव के मजरा खेता डेरा निवासी रीतू (18) पुत्री रामकृपाल निषाद गुरुवार की सुबह गोबर फेंकने पास ही खेत में गई थी। अन्ना मवेशियों से फसल को बचाने के लिए तारबाड़ी लगाई थी, उसमें करंट दौड़ रहा था। रीतू ने जैसे ही तारबाड़ी को छुआ, वह करंट की चपेट में आकर झुलस गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने करंट से अलग करने के बाद रीतू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पिता गोवा में रहकर काम करते हैं। रीतू ने कक्षा आठ तक ही पढ़ाई की थी।
नवंबर-दिसंबर में होनी थी शादी
रीतू की शादी तय हो गई थी। नवंबर-दिसंबर में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के भौंरा गांव के जागेश्वर के पुत्र दिनेश के साथ विवाह होना तय हुआ था। शादी की तारीख नवरात्र में तय की जानी थी, लेकिन करंट लगने से रीतू की मौत हो जाने के बाद परिजन बिलख उठे।