बांदा। उल्टी-दस्त से परेशान बालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने प्राइवेट डॉक्टर पर गलत इलाज किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बालक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के सादी मदनपुर गांव निवासी आदित्य (10) उल्टी-दस्त से परेशान था। परिजनों ने उसे गांव के ही नर्सिंगहोम में गुरुवार को दोपहर भर्ती कराया था। यहां शाम तक भर्ती रहने के बाद भी उसे आराम नहीं मिला। इस पर परिजनों ने डॉक्टर से छुट्टी कर जिला अस्पताल में दिखाने की बात कही। प्राइवेट डॉक्टर ने उनकी नहीं सुनी। उसी दौरान बालक ने दम तोड़ दिया।
पिता लल्लू बालक का शव लेकर जिला अस्पताल आए। यहां उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की बात कही। पिता के कहने पर जिला अस्पताल से गई सूचना पर चिल्ला पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। बालक के शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। चिल्ला थानाध्यक्ष संदीप पटेल ने बताया कि परिजन गलत इलाज का आरोप लगा रहे हैं। जांच के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।