बांदा। प्रीति की शादी में कोई अनहोनी की आशंका घर वालों को शायद पहले से थी। यही वजह थी कि प्रीति के परिजनों ने शादी के एक दिन पूर्व शुक्रवार को शहर कोतवाली में अर्जी देकर शादी के समय पुलिस तैनात करने की फरियाद की थी। मृतका के चचेरे भाई कैलाश ने यह जानकारी दी। उधर, पड़ोसियों ने बताया कि उनके मोहल्ले में शायद ही कोई शादी ऐसी होती हो जिसमें पास-पड़ोस वाले ही शराब पीकर हंगामा न खड़े करते हों। इस वजह से भी प्रीति के घर वालों ने एहतियात के तौर पर अर्जी देकर पुलिस तैनात करने की मांग की थी। उन्हें कल्लू की नियत पर शक था, लेकिन कोतवाली पुलिस किसी भी अर्जी से इनकार कर रही है। कोतवाली कार्यवाहक प्रभारी कृष्णवीर सिंह (एसएसआई) ने कहा कि पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई। अगर यह सूचना दी गई होती तो दो सशस्त्र पुलिस जवान भेजे जा सकते थे। उन्होंने बताया कि मृतका की भाई की तहरीर पर आरोपी कल्लू उर्फ बच्चा के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।