बांदा। बढ़े लोड से ट्रांसफार्मर व लाइनों में दिन रात फाल्ट हो रहे हैं। शहर में 24 और गांवों में 20 घंटे बिजली के दावे हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। लोगों को बमुश्किल 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है।
शहर में स्थित चार सब स्टेशनों के करीब 25 फीडरों में पिछले 24 घंटे में छोटे-बड़े 35 से अधिक फाल्ट और लाइन टूटने की घटनाएं हुईं। फाल्टों से कई-कई घंटें बिजली बंद रही। उमस भरी गर्मी में लोग बिजली न होने से परेशान रहे। रात के समय बिजली के जाने से लोगों ने खुले मैदान व छतों और सड़कों में टहल कर रात गुजारी है। उधर, बिजली के बेपटरी होने से शहर के कई मोहल्लों में पेयजल संकट छाया रहा। लोगों का कहना था कि नल तो आए लेकिन फोर्स नहीं था। बिना मोटर के वह पानी नहीं भर सके।
यहां हुए बड़े फाल्ट
मोहल्ला छावनी में रात के समय फाल्ट से 10 बजे से एक बजे तक बिजली बंद रही।
कालूकुआं में चौराहे में सुंदरीकरण का कार्य होने से शाम पांच से नौ बिजली बंद रही।
ट्रांसफार्मर फुंकने व बदलने से जिला परिषद क्षेत्र की शाम 6 बजे तक बिजली बंद रही।
भूरागढ़ के पास फाल्ट से खिन्नीनाका आदि मोहल्लों की बिजली दिनभर आती जाती रही।
यहां हुए छोटे फाल्ट
मटौध के त्रिवेणी गांंव में लाइन टूटने से तीन घंटें बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
पीलीकोटी क्षेत्र के लोग दिनभर लो-वोल्टेज से जूझते रहे। शाम को वोल्टेज सही हुआ।
भूरागढ़ में सोमवार की दोपहर फाल्ट से आधा दर्जन मोहल्लों की तीन घंटे बंद रही बिजली।
फाल्ट से आवास विकास कालोनी ब्लाक-ए, बी में सोमवार को तीन घंटे बिजली बंद रही।
वर्जन-
बिजली का लोड बढ़ने से यह समस्या आ रही है। शहर में दो नए सब स्टेशनों की स्वीकृति मिल गई है। भूमि का चयन किया जा रहा है। जल्द लोगों को इन समस्याओं से निजात मिलेगी। -प्रकाश देव, अधिशासी अभियंता शहर।
हर 15 मिनट में रोस्टिंग से ग्रामीण परेशान
खप्टिहाकलां। हर घंटे बिजली की रोस्टिंग से कस्बे सहित क्षेत्र के तकरीबन 12 गांव के प्रभावित है। रोस्टर 18 घंटें बिजली देने का है लेकिन ग्रामीणों को 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। उमस भरी गर्मी में लोग बिलबिला रहे हैं। रात हो या दिन बिजली की आवाजाही ने लोगों को परेशान करके रख दिया हैं। जब से 133 केवी कालेश्वर विद्युत उप केंद्र को क्षेत्रीय गांव रेंहुटा की बड़ी लाइन से जोड़ दिया गया है। तब से बिजली की समस्या और बढ़ गई है। अधिकारी फोन उठाते नहीं हैं और पावर हाउस का फोन बंद रहता है। पावर हाउस में कार्यरत एसएसओ से पूछे जाने पर कहते हैं कि हम क्या कर सकते हैं, यह कटौती ऊपर से ही हो रही है। कस्बे के पंकज पांडे, अशोक द्विवेदी सुशील पांडे, लाला अवस्थी, आत्म स्वरूप विश्वकर्मा, रामअवतार यादव, राजू शिवहरे, जगत राज सिंह, रशीद खान, राजा सोनी डाॅ. संजय सोनी आदि का कहना है कि मुख्यमंत्री के 18 घंटे बिजली देने के दावों पर अधिकारी खरे नहीं उतर रहे है।