बांदा। शहर के सेवायोजन कार्यालय में गुरुवार को रोजगार मेला में कंपनियों ने 32 बेरोजगारों का चयन किया। किसी का दूसरी बार में तो किसी का पहली बार में ही चयन हो गया। चयनित युवाओं में उत्साह दिखा। उन्होंने कंपनी में मन लगाकर काम करने की बात कही है।
चित्रकूट धाम मंडल के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में गुरुवार को रोजगार मिले का आयोजन किया गया। इसमें मंडल 68 बेरोजगार युवाओं ने भागीदारी की। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार लिया। इसमें एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस में लाइफ मित्र के नौ, डुस्की स्टेलन कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रा.लि. में मशीन ऑपरेटर के 16, पुखराज हेल्थ केयर प्रा.लि. में वेल्नेस एडवाइजर के सात युवाओं का चयन हुआ।
अतर्रा के कुलदीप ने बताया कि उनका चयन एसबीआई लाइफ़ इंश्योरेंस कंपनी में हुआ है। दूसरी बार इंटरव्यू दिया है। पिछली बार चयन नहीं हुआ था। चयन पर उन्हें खुशी है। कर्वी के मनीष ने बताया कि पुखराज हेल्थ केयर में वेल्नेस एडवाइजर पद पर चयन हुआ है। इसी कम्पनी में वह काम कर चुके हैं। कुछ कारणवश छोड़ दिया था। इंटरव्यू देकर चयन मिला है।
नरैनी के राजकुमार ने बताया कि पहली बार साक्षात्कार में नियुक्ति मिलने पर काफी खुश हैं। डुस्की स्टेलन कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रा.लि. में मशीन ऑपरेटर के पद पर चयन हुआ है। बांदा के स्वराज कालोनी निवासी अंकित ने बताया कि डुस्की स्टेलन कंसल्टेंसी सर्विसेज प्रा.लि. में मशीन ऑपरेटर के पद पर चयन से काफी खुश हैं, लेकिन वेतन भत्ते अवकाश आदि को लेकर मन में शंका है। जो यहां बताए हैं क्या कम्पनी वहां देगी या नहीं। सहायक निदेशक वकील अहमद अंसारी ने बताया कि मेले में आए 68 में से 32 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों को वेतन भत्ते अवकाश के बारे में जानकारी दी गई है।