बांदा। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को आधुनिक तरीके से पढ़ाने के लिए कंप्यूटर और वाईफाई लगाए, लेकिन जिले के करीब 24 विद्यालय ऐसे हैं, जहां अभी तक बिजली नहीं पहुंची है। शिक्षा विभाग ने इन विद्यालयों तक बिजली पहुंचाने के लिए बिजली विभाग में 29 लाख रुपये चार माह पहले ही जमा करा दिए थे, लेकिन आज तक लाइन नहीं खींची गई। बिजली न होने से उमस भरी गर्मी में बच्चे और शिक्षक परेशान हो रहे हैं।
शासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए खूब पैसा खर्च किया जा रहा है। इसके बावजूद छात्र-छात्राएं अव्यवस्थाओं का शिकार हैं। कहीं बिजली कनेक्शन नहीं हैं तो कहीं आने-जाने का पक्का मार्ग नहीं बना। किसी स्कूल में बिजली कनेक्शन है तो कई विद्यालयों में वायरिंग और पंखे नदारद हैं।
पिछले वर्ष तत्कालीन डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बिजलीविहीन विद्यालयों का निरीक्षण कर बेसिक शिक्षा अधिकारी और बिजली विभाग के एक्सईएन को तत्काल लाइन खींचने और कनेक्शन देने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनका आदेश कागजी है। जिले में मार्च में करीब 29 विद्यालयों के लिए शासन से 29 लाख रुपये बजट मिला था। बेसिक शिक्षा विभाग ने बिजलीविहीन विद्यालयों की सूची बनाकर बिजली विभाग के झटपट पोर्टल पर प्राप्त प्राक्लन के आधार पर धनराशि जमा कर दी थी। करीब चार माह का समय बीत गया। 24 विद्यालयों में अभी तक लाइन नहीं खींची जा सकी है।
बीएसए ने सभी ब्लाॅकों से बिजली विहीन विद्यालयों की सूची तलब की। पता चला कि 24 विद्यालयों में अभी तक बिजली ही नहीं पहुंची है। यहां बिजली न होने से कक्षा एक से आठवीं तक के छात्र-छात्राएं उमस भरी गर्मी में पसीने-पसीने हो रहे हैं। शिक्षकों की भी हालत खराब है। ऐसे में बच्चों की उपस्थिति भी नहीं बढ़ पा रही है।
इन विद्यालयों में नहीं हुए कनेक्शन
तिंदवारी ब्लाॅक के प्राथमिक विद्यालय बगईहार, प्राथमिक विद्यालय हारककरा, सरबहनाताला, उच्च प्राथमिक विद्यालय परिहारन डेरा, प्रा.वि. वंशीडेरा, गड़ोला, ललौली, चंदौखी, बरेठी अस्करन विद्यालय शामिल हैं। नरैनी ब्लाक में प्राथमिक विद्यालय दिवली पुरवा, सजहरी, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरौना, मुकेरा तथा बिसंडा ब्लाक में उच्च प्राथमिक विद्यालय घूरी, कमासिन ब्लाक में प्रा.वि.शिव का डेरा, जसपुरा ब्लाक में प्रा.वि. मरोहला डेरा व उ.प्रा.वि. पचकौरी, महुआ ब्लाक में उ.प्रा.विद्यालय मुगौरा व गोविंदपुर, बबेरू में उ.प्रा. विद्यालय सातर, देवरथा, प्राथमिक विद्यालय मदहा डेरा टोलाकला, प्रा.वि.मवई खुर्द व प्रा.वि. फौजी डेरा।
वर्जन-
-परिषदीय विद्यालयों में जहां बिजली कनेक्शन नहीं हैं, वहां का सर्वे कराया गया और बिजली विभाग को कनेक्शन के इस्टीमेट की राशि मार्च में दे दी गई थी। अब तक कनेक्शन नहीं हो सके हैं, लगातार पत्राचार भी किए जा रहे हैं। -अव्यक्तराम तिवारी, बीएसए, बांदा
-बिजली विभाग से जो कनेक्शन की सूची भेजी गई थी और पैसा जमा किया गया है, वहां कनेक्शन कर दिए गए हैं। यदि कोई ऐसा विद्यालय है, जहां पैसा जमा होने के बाद भी लाइन नहीं खींची गई तो उसकी सूची उपलब्ध कराएं। वहां तत्काल बिजली पहुंचेगी।-उदयनाथ सिंह, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, ग्रामीण