बांदा। गरीबों के राशन में 180 क्विंटल की हेराफेरी में बिसंडा ब्लॉक के डभनी कोटेदार के विरुद्ध बिसंडा थाने में धारा 3/7 (आवश्यक वस्तु अधिनियम) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही कोटे को निलंबित कर दिया गया है।
पूर्ति निरीक्षक अतर्रा प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि अनियमितताओं की शिकायत के बाद जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर रहमान के आदेश पर बिसंडा के डभनी कोटेदार के खाद्यान्न की जांच की गई। जांच में 72.16 क्विंटल गेहूं व 108 क्विंटल चावल स्टाक में कम पाया गया। जिसका वितरण नहीं किया गया, लेकिन मौके पर नहीं मिला। कोटेदार बाबूलाल यादव स्टाक में खाद्यान्न न होने की सही जानकारी भी नहीं दे सका। ग्रामीणों ने बताया कि यह खाद्यान्न ब्लैक कर लिया गया है।
कोटेदार के विरुद्ध स्टाक में खाद्यान्न न मिलने पर बिसंडा थाने में धारा 3/7 (आवश्यक वस्तु अधिनियम) के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। पूर्ति निरीक्षक प्रशांत ने 19 जुलाई को अतर्रा तहसील का कार्यभार ग्रहण किया है। बताया कि अनियमितताएं किसी भी दशा में बर्दास्त नहीं की जाएगी। गरीबों का खाद्यान्न गरीबों तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।