बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में 13 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर राज्य एवं वस्तु सेवाकर (एसजीएसटी) की तीन सदस्यीय 12 टीमों ने एक साथ छापा मारा। प्रत्येक प्रतिष्ठान की जांच में टीम को लगभग 6 से 8 घंटे तक लगे। कर चोरी की आशंका पर अभिलेख कब्जे में लिए गए।
चित्रकूटधाम मंडल के ज्वाइंट कमिश्नर राजेश कुमार गुप्ता, झांसी मंडल के अपर आयुक्त भानु प्रकाश मिश्रा व रमाशंकर द्विवेदी के नेतृत्व में मंगलवार को 12 टीमों ने एक साथ 13 स्थानों पर छापा मारा। इनमें ज्यादातर बड़े दुकानदार और फर्म मालिक शामिल हैं।
मंगलवार को बांदा में नरैनी, तिंदवारी और बबेरू स्थित कपड़ों के एक-एक प्रतिष्ठान पर छापा मारा गया। इसी तरह हमीरपुर जिले में एक, चित्रकूट व महोबा में 2-2, राठ में 2, मौदहा में एक और पनवाड़ी में एक फर्म पर छापा मारा। सभी के स्टाक का मिलान किया गया। लंबी चली जांच के बाद फर्म में उपलब्ध खरीद व बिक्री सहित तमाम अभिलेख टीमों ने अपने कब्जे में ले लिए।
ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि कर चोरी को लेकर शासन के निर्देश पर कार्रवाई चल रही है। हाल ही में बाहर की टीमों ने सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की थी। कुछ प्रतिष्ठानों की शिकायतें थीं। इसी के मद्देनजर चिह्नित फर्मों में एक साथ छापा मारा गया है। फर्म में वास्तव में बिल काटा गया या नहीं, खरीद व बिक्री संबंधी अभिलेख पूरे हैं या नहीं? आदि बिंदु जांच में शामिल रहे। फिलहाल उनके अभिलेख कब्जे में ले लिए गए हैं। जांच के बाद चोरी सामने आने पर कर वसूला जाएगा।