बांदा। शहर की जर्जर लाइनों और खंभों को बदलने के नाम पर बिजनेस प्लान आदि योजना में लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी समस्या जस की तस है। रोजाना लाइनों में फाल्ट और ब्रेक डाउन हो रहे हैं। इससे गर्मी में लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को मर्दननाका अवस्थी पुल के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूर कर गिर पड़ा। इस पर ठीक नीचे ड्यूटी कर रहा संविदा सफाई कर्मी स्वामीदीन (40) मामूली रूप से झुलस गया। बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन बंद कराई गई और कर्मचारी को उपचार के लिए भेजा गया। चार घंटे से ज्यादा आपूर्ति ठप रही। इससे लोगों को परेशानी हुई।
बता दें कि भले ही विभाग ने करोड़ों रुपये योजना के नाम पर खर्च कर दिए हो, लेकिन अभी भी कई मोहल्लों में बिजली के तार लटक रहे हैं, जो आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी का कारण बनेंगे। अवर अभियंता साविंद्र पटेल का कहना है कि मर्दननाका मोहल्ले की लाइन ठीक कराई जा रही है। इसके अलावा जहां पर भी शिकायत मिलती है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा।
इनसेट...
अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान
अतर्रा। ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के लिए चल कार्य के लिए बिजली विभाग बिना किसी पूर्व सूचना के छह-छह घंटे की कटौती कर रहा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नरैनी रोड निवासी अधिवक्ता राजेश द्विवेदी, महेंद्र गुप्ता, राधेश्याम, अतुल व भुवनेश आदि लोगों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर आरोप लगाया है कि बिना किसी पूर्व सूचना के प्रतिदिन काम करने के नाम पर कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। अवर अभियंता कामता प्रसाद ने कहां कई ट्रांसफार्मर अलग-अलग मोहल्ले में लगने हैं। इससे वोल्टेज तथा ट्रिपिंग से निजात शहर वासियों को मिलेगी, लेकिन लगातार कई घंटे के लिए आपूर्ति ठप रखना गलत है। शिकायत मिलने पर जांचकर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)