बांदा। ग्राम पंचायत अधिकारी (वीडीओ) की परीक्षा मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। दूसरे दिन नकल करते हुए 10 पकड़े गए। परीक्षा अपने निर्धारित समय पर प्रथम पाली में सुबह 10 बजे शुरू और 12 बजे दूसरी पाली में शाम को तीन बजे शुरू व शाम पांच बजे समाप्त हुई।
परीक्षा समाप्ति के बद निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र हल करने के लिए दिए गए दिशा-निर्देश काफी उलझाऊ थे। काफी समय प्रश्न को किस तरह हल करना है इसी में उलझे रहे। ऐसे में तमाम प्रश्नों के वह आते हुए भी गलत उत्तर लिख आए। प्रयागराज की संजना यादव का कहना था कि तार्किक क्षमता वाले प्रश्नों में समय ज्यादा लगा। सोमवार को जो परीक्षा में प्रश्न आए थे आज के प्रश्न उनसे कठिन थे।
चंदौली के हिमालय जायसवाल का कहना है कि प्रश्नों को हल करने से ज्यादा उन्हें समझने में लगा। अग्रेजी भाषा में लिखे प्रश्नों का सहारा लेना पड़ा। इस चक्कर में कई आसान प्रश्न हड़बड़ी में गल हो गए या फिर छूट गए। परीक्षा शहर के 16 केंद्रों में कराई गई। जिसमें 29472 अभ्यर्थियों में से 9372 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षार्थियों की वापसी के लिए रोडवेज ने खासी व्यवस्था की थी।
इलाहाबाद, चंदौली, कानपुर आदि के लिए हर एक घंटे में बसें उपलब्ध थी। रेलवे स्टेशन में भी जीआरपी व आरपीएफ ने व्यवस्था संभाली और इलाहाबाद जाने वाले परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण तरीके से ट्रेन में बैठाया। एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, अपर एसपी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।