बलरामपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को एमपीपी इंटर कॉलेज से तुलसीपुर मार्ग स्थित बिजलीपुर मंदिर तक करीब पांच किलोमीटर लंबी मैराथन का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने मौजूद युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए शतप्रतिशत मतदान करने का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। इसमें लगे सरकारी विभागों के स्टॉल पर लोगों को संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। एमपीपी इंटर कॉलेज से शुरू हुई मैराथन को मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य व उनकी पत्नी प्रकृति आनंद ने झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने वहां लगे एक बैनर पर हस्ताक्षर करके लोगों से निष्पक्षता के साथ मतदान करने की अपील भी की।
इससे पूर्व उत्तर प्रदेश दिवस व मतदाता दिवस पर आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ जिलाधिकारी अरविंद सिंह व अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार ने किया। जिलाधिकारी ने मतदान का महत्व बताते हुए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर कॉलेज के छात्रों ने एक लघु नाटक का मंचन कर लोगों को एक बेहतर व स्वच्छ छवि वाली सरकार चुनने के लिए अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया।
मैराथन में बालक वर्ग में विकास कुमार प्रथम, शिवम तिवारी द्वितीय व रघुवीर गिरि तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में अनुपमा चौरसिया पहला, एंजल वर्मा दूसरा तथा कंचन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिलाधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शक्ति मिश्र ने विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त मनरेगा सतीश कुमार पांडेय ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पाठक, जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार मंजू त्रिवेदी व जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पांच युवा व दो बुजुर्ग मतदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। डीएम ने शिवम मौर्य, प्रियंका कश्यप, नाजिया, वर्षा व पियूष कुमार गुप्त को प्रमाण पत्र व आईडी कार्ड वितरित करते हुए मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर ने वरिष्ठ मतदाता रामकृपाल व जयकीरत को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले बूथ लेबल अधिकारी अजय कसेरा, माया विश्वकर्मा, दुर्गेश श्रीवास्तव, राजेश शुक्ल व मुरलीधर मिश्र को प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया गया।