बलरामपुर। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव 2024 में युवा मतदाता इस बार मतदान की ताकत को दिखाएंगे। इसके लिए पहली जनवरी 2024 को 18 साल की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने के अभियान का आगाज शुक्रवार को हुआ। एमएलके डिग्री कॉलेज में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने मतदाता सूचियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदाता बनाने के लिए सघन अभियान चलेगा। इस दौरान एक जनवरी 2024 को जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा पूर्ण हो चुकी है, मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कर सकेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, मतदाता सूची में दर्ज नाम ,पता व आयु की त्रुटि दूर कराने के लिए 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर तक मौका मिलेगा। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। कोई भी नागरिक के अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने अथवा मतदाता सूची में प्रविष्टियों में विद्यमान त्रुटियों को दूर किए जाने के लिए संबंधित फार्म भरकर बूथ लेवल अधिकारी को दे सकते हैं।
नाम जुड़वाने के लिए भरना होगा फार्म-छह
ऐसे में युवा जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है मतदाता सूची में फॉर्म - छह भरकर अपना नाम है दर्ज कराएं। मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु एवं अन्य प्रविष्टियां में विद्यमान त्रुटियों को दूर किए जाने के लिए फॉर्म आठ भर कर बूथ लेवल अधिकारी को दे।