बलरामपुर। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में शहर के विकास को लेकर हुई चर्चा के बाद इसके क्रियान्वयन के लिए व्यापक रणनीति बनी। बैठक में वर्षा ऋतु से पूर्व नगर के सभी नाले-नालियों की साफ-सफाई कराए जाने का प्रस्ताव इस शर्त के साथ पारित हुआ कि इस बार नाला सफाई का कार्य ठेके पर नहीं होगा। नाला सफाई का कार्य नगर पालिका के स्तर पर होगा। बैठक में अयोध्या में हुई रामलला की प्राण प्रतिष्ठा पर प्रधानमंत्री को धन्यवाद प्रस्ताव भी ज्ञापित किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि मानसून सत्र की शुरुआत होने से पहले ही नगर के सभी छोटे बड़े 43 नालों की साफ सफाई का कार्य इस साल ठेके पर नही कराया जाएगा। नाला सफाई का कार्य नगर पालिका के अधिकारी अपनी निगरानी में मास्टर रोल पर कराएंगे। सभासद मोनू शारिब ने मांग की कि उनके वार्ड में एक भी सरकारी स्कूल नही है, जबकि पालिका की खाली जमीन पड़ी है। मांग की खाली जमीन पर सरकारी स्कूल की स्थापना की जाए।
बैठक में मौजूद सभासदों ने भी अपने अपने वार्डों में कराए जाने वाले विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा कर उन्हें शीघ्र पूरा कराए जाने की मांग की। पालिका अध्यक्ष ने की भरोसा दिलाया कि विकास कार्य से जुड़े सभासदों के जरूरी कार्यों को जल्दी पूरा कराया जाएगा।