हरैया सतघरवा(बलरामपुर)। हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को छह माह से प्रोत्साहन राशि नहीं मिला है। प्रोत्साहन राशि न मिलने पर बीते गुरुवार को सभी सीएचओ ने कार्य बहिष्कार करते हुए विरोध जताया। इस दौरान सीएम के नाम संबोधित ज्ञापन सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव पांडेय को सौंपा।
सीएचओ रेशमा बानो, प्रतिमा, पूजा, वंदना, अंजना, रेखा, ऊषा, ऋचा, स्पंदना, स्मृति, प्रतिमा, दीपिका, राम लाल व नरेंद्र ने बताया कि मार्च माह से लेकर अब तक का कार्य आधारित प्रोत्साहन राशि का भुगतान हम लोगों को नहीं मिला है। भुगतान न मिलने से हम लोगों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
परिवार के पालन पोषण में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन लोगों ने मुख्यमंत्री से प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही भुगतान न मिला तो हम लोग सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।