बलरामपुर। गौरा चौराहा थाना क्षेत्र में जैतापुर पचपेड़वा मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सवार ने महिला को ठोकर मार दी। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जैतापुर के चौकी प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे जैतापुर निवासी कोयला (55) लोगों को नवरात्रि का प्रसाद बांटकर घर लौट रही थीं। रास्ते में तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें ठोकर मार दी। गंभीर रूप से घायल कोयला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के पुत्र रामचंदर की तहरीर पर बाइक सवार घनश्याम गुप्ता निवासी ग्राम महुआधनी, उतरौला के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है।