बलरामपुर के महदेइया बाजार में बारिश के बीच आवागमन करते लोग।-संवाद
बलरामपुर। बढ़ती गर्मी व तपिश से लोगों को बृहस्पतिवार को राहत मिली। आपदा प्रबंधन विभाग ने 29 सितंबर तक बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
बृहस्पतिवार की सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया, शाम होते ही तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोग गली-मोहल्लों की सड़कों पर व घरों की बालकनी में मौसम का आनंद लेते नजर आए। वहीं शाम तक बादल छाए रहे। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का कहना है कि 29 सितंबर तक वर्षा होने की संभावना है। वर्षा के दौरान वज्रपात का खतरा रहता है, यदि खुले स्थान पर हों तो पक्के मकान की शरण लें। नदी, तालाब, घाटों से दूर रहें। आपातकाल की स्थिति में 112, 1070, 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
धान की फसल को मिली संजीवनी
बृहस्पतिवार शाम को हुई बारिश से किसानों के चेहरों पर फिर से रौनक आ गई। धान की फसल के लिए बारिश अमृत के समान है। तुलसीपुर के संतोष व महदेइया बाजार के राजू ने बताया कि दस दिनों से बारिश न होने से फसल सूख रही थी। पंपिंग सेट से पानी चलाने के बावजूद भी खेत में नमी नहीं हो पा रही थी, लेकिन बारिश से फसल को राहत मिली है।