बलरामपुर। तुलसीपुर विकास खंड के ग्राम कौवापुर में चार माह पहले खड़ंजा उजाड़ दिया गया था लेकिन अभी तक सड़क निर्माण नहीं कराया गया है। ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया और डीएम से सड़क निर्माण कराए जाने की मांग की। ग्रामीण किस्मतुल्ला, मुजीर अहमद, जहरुद्दीन, रामू, फूलबाबू, जमील, रिजवान, शकील व खुर्शीद आदि ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि ग्राम प्रधान ने करीब चार माह पहले नई सड़क बनाने के लिए कब्रिस्तान जाने वाले रास्ते पर लगा खड़ंजा उखाड़ दिया था। बरसात होने से सड़क पर कीचड़ व जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इन लोगों ने डीएम को पत्र भेजकर शीघ्र सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान अहमद खान ने बताया कि मिट्टी न मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं कराया जा सका था। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।