बलरामपुर। पांच नगर निकायों में चार मई को होने वाले मतदान की तैयारी में प्रशासन जुटा हुआ है। चुनाव के लिए वाणिज्यकर की अपर आयुक्त आदिति सिंह को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। वह जिले में 29 अप्रैल को आएंगी। वहीं, नेेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पांच निकायों के अध्यक्ष व 96 सदस्य पद के लिए 222 बूथों पर मतदान होना है। सीओ तुलसीपुर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चुनाव को देखते हुए नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जरवा थानाध्यक्ष दुर्विजय के निर्देशन में कोइलाबास अंतरराष्ट्रीय मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सीमा से आने जाने वालों का पूरा विवरण सीमा सुरक्षा बल के जवान दर्ज कर रहे हैं। इसके बाद ही उन्हें जिले में दाखिल होने की अनुुमति है। इधर, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने पुलिस कर्मियों को शस्त्राभ्यास कराया। जिले के अन्य थानों की पुलिस को संवेदनशील बूथों के सत्यापन के लिए लगाया गया है।
चार मई को रहेगा सार्वजनिक अवकाश
डीएम डॉ. महेंद्र कुुमार ने नगर निकाय चुनाव में मतदान दिवस चार मई को जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। दो मई की शाम छह बजे से चार मई को मतदान की समाप्ति व 12 मई की शाम छह बजे से 13 मई की रात 12 बजे (मतगणना समाप्ति तक) जिले की सभी आबकारी की दुकानों को बंद करने का भी आदेश दिया है।
बिना अनुुमति नहीं कर सकेंगे सभा
आयोग ने आदेश जारी किया है कि बिना अनुमति के कोई भी प्रत्याशी सभा, रैली या जुलूस का आयोजन नहीं कर सकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी से परमीशन लेनी होगी। साथ ही सभा, रैली या जुलूस इस प्रकार किया जाएगा, जिससे यातायात में समस्या न पैदा हो। रात के दस बजे से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर या साउंड बॉक्स का प्रयोग नहीं किया जाएगा।