बलरामपुर। नौकरीपेशा लोगों की सुविधा के लिए अब रविवार को भी नगरीय क्षेत्रों में नियमित टीकाकरण होगा। जिले के नगरीय क्षेत्रों में संचालित सात अस्पतालों में लोग छुट्टी के दिन भी बच्चों का टीकाकरण करा सकेंगे। रविवार को उतरौला सीएचसी में विधायक राम प्रताप वर्मा ने फीता काटकर टीकाकरण का शुभारंभ किया। पहले दिन नगरीय अस्पतालों में 18 बच्चों का टीकाकरण किया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि नौकरी करने वालों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब प्रत्येक रविवार को भी सीएचसी व जिला अस्पताल में टीकाकरण होगा। ताकि सामान्य दिनों में व्यस्त रहने वाले लोग रविवार को अवकाश के दिन अपने बच्चों का टीकाकरण करा सकें। डॉ. योगेंद्र कुमार ने बताया कि पहले दिन आठ बच्चों का टीकाकरण हुआ।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शाबान अली ने टीकाकरण अभियान की शुरूआत की। एसीएमओ डॉ. मीनाक्षी ने लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। यहां दस बच्चों को टीका लगाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके शुक्ल ने बताया कि जिले के सात अस्पतालों में रविवार को टीकाकरण कराने की व्यवस्था लागू की गई है। इसमें संयुक्त जिला चिकित्सालय, जिला महिला अस्पताल, नगरीय पीएचसी खलवा, सीएचसी तुलसीपुर, उतरौला, गैसड़ी व पचपेड़वा शामिल है।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि रविवार को छुट्टी के दिन टीकाकरण शुरू कराने का उद्देश्य शत-प्रतिशत बच्चों को टीका लगवाकर उन्हें जानलेवा बीमारियों से बचाना है। सभी माता-पिता व अभिभावकों से अपील है कि वह पांच वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। संपूर्ण टीकाकरण बच्चों को कई बीमारियों से बचाता है।