बलरामपुर। खुरपका-मुंहपका जैसी जानलेवा बीमारी से पशुओं को बचाने के लिए जिले में जुलाई से विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर पशुओं को टीका लगाएंगी। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद प्रकाश ने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष 2024-25 में विभाग ने करीब 3.21 लाख मवेशियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया था। इस वर्ष का लक्ष्य शीघ्र ही तय किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने स्वस्थ पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं और विभाग की टीम का सहयोग करें जिससे पशुधन को सुरक्षित रखा जा सके।