बलरामपुर। दूसरों की जान बचाने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने से लेकर चोर-लुटेरों को दबोचने जैसे सामाजिक व सराहनीय कार्य करने वाली यूपी-112 की पुलिस टीमों को गुरुवार को सम्मानित किया गया। एसपी राजेश कुमार सक्सेना व एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने यूपी-112 के पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
एसपी ने बताया कि पीआरवी 2468/2486 के आरक्षी दीपक राय, किरन गुप्ता व बृजेश शुक्ल ने आत्महत्या करने जा रही महिला को समय रहते बचा लिया। इसी तरह पीआरवी 2475 के आरक्षी विपिन पांडेय व राजेंद्र कुमार ने गश्त के दौरान सड़क पर गंभीर रूप से घायल पड़े युवक को समय से अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
पीआरवी 2476/2490 के आरक्षी दीपक यादव, राहुल वर्मा व अखिलेश पांडेय ने नकदी छीनकर भाग रहे लुटेरों को दबोचा था। पीआरवी 2468 के आरक्षी औरंगजेब खां, विपिन कुमार व लाल बाबू श्रीवास्तव ने गश्त के दौरान सड़क पर गंभीर रूप से घायल हालत में पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने का सराहनीय कार्य किया।
एसपी ने बताया कि इन सभी पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। इनके कार्यों से अन्य लोग भी प्रेरणा लेकर ऐसे सामाजिक व सराहनीय कार्य करेंगे। इस दौरान क्षेत्राधिकारी यूपी-112 ज्योति श्री व राजमणि शुक्ल आदि मौजूद रहे।