बलरामपुर। मां पाटेश्वरी राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना बलरामपुर में करने की मांग तेज हो गई है। जमीन की उपलब्धता को लेकर सदर विधायक पल्टूराम व तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल ने डीएम डॉ. महेंद्र कुमार से मुलाकात कर मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र सौंपा है। उधर, उतरौला समेत जिले के अन्य क्षेत्रों में विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर पोस्टकार्ड अभियान के साथ ही लोगों ने पैदल मार्च किया।
तुलसीपुर विधायक ने बताया कि बजट में सरकार ने मां पाटेश्वरी के नाम से देवीपाटन मंडल में राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की बात कही है। मां पाटेश्वरी का धाम बलरामपुर में है। ऐसे में विश्वविद्यालय की स्थापना यहां पर ही होनी चाहिए। इसके लिए तुलसीपुर के परसपुर करौंदा में चरागाह के खाते में 50 एकड़ भूमि है। इससे सटी ग्राम पंचायत ओड़ाझार में भी चरागाह के खाते में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। सदर तहसील की चकवा ग्राम पंचायत के अड़ारपाकड़ में आठ हेक्टेयर में उद्यान के खाते में जमीन है।
श्रीदत्तगंज के कृषक राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में समाजसेवी सर्वेश कुमार सिंह के नेतृत्व में हमें चाहिए विश्वविद्यालय के नारे के साथ मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड लिखे गए। इसमें कुबेरमति मेमोरियल इंटर कॉलेज के छात्रों ने भी हिस्सा लिया। महाराजगंज तराई में भी पोस्टकार्ड अभियान चलाया गया। मोतीपुर कुडोहा में भी ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
बाल भारती इंटर कॉलेज में हुई गोष्ठी में डॉ. राकेश चंद्रा, डॉ. देवेश चंद्र, संजय शर्मा, रमेश चंद्र त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय की बलरामपुर में स्थापना की मांग की। उतरौला में श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे से पैदल मार्च निकाला गया। इसमें लोगों ने विश्वविद्यालय चाहिए का नारा लगाया। मार्च में सर्वेश कुमार सिंह, लोकतंत्र रक्षक सेनानी इरशाद चौधरी, भोले प्रसाद निषाद, राम प्रताप वर्मा, संजीव श्रीवास्तव, शिवांश श्रीवास्तव, मोहित आदि मौजूद रहे।