उतरौला (बलरामपुर)। गोंडा-उतरौला मार्ग पर सेखुइया कस्बे के पास शनिवार को सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है। वहीं दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के चलते कुछ देर यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात बहाल कराया।
कायमजोत उतरौला ग्रामीण निवासी संजर अली (25) शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे स्कूटी से उतरौला की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सेखुइया कस्बे के पास सामने से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गए। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित होकर बोलेरो भी पलट गई। इससे बोलेरो सवार मोहम्मद असगर अली (25) निवासी ग्राम करमहिया थाना गैड़ास बुजुर्ग दब गए। इससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, हादसे में शमीम जहां पत्नी बहराइची, बहराइची पुत्र घिराऊ घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। बोलेरो में सवार अन्य लोगों को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाल लिया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए इस मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने यातायात बहाल करवाया। कोतवाल संजय दूबे ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। मृतकों के परिजनों को जानकारी दी गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।