बलरामपुर। अमृत भारत योजना से मिलने वाली 28.48 करोड़ रुपये की राशि से जिले के बलरामपुर व तुलसीपुर रेलवे स्टेशनों को सजाया संवारा जाएगा। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को तमाम तरह की आधुनिक सुविधाएं भी मुहैया होगी। वर्तमान में दोनों स्टेशनों के कायाकल्प के लिए 16 करोड़ से निर्माण कार्य चल रहा है। अमृत योजना से जुड़ी नई परियोजनाओं का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 जनवरी को वर्चुअल करेंगे। इसकी तैयारी रेलवे विभाग ने शुरू कर दी है।
इससे बलरामपुर व तुलसीपुर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से जुड़ी नयी सुविधाओं का विस्तार होगा। स्टेशन परिसर में उन्नत लाईटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्पले बोर्ड, डिजिटल घड़ियां, यात्री उद्घोषणा प्रणाली, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर के साथ ही लिफ्ट व एक एस्केलेटर लगाने का कार्य भी होगा। रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 2100 यात्रियों का आवागमन होता है। स्टेशन पर यात्रियों के आवागमन हेतु 10 जोड़ी मेल व एक्सप्रेस ट्रेन तथा दो जोड़ी सवारी गाड़ियों की सुविधा प्राप्त है।
तुलसीपुर स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत मिलने वाली 11.69 करोड़ की धनराशि से नयी सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे विशेषतौर पर मुख्य प्रवेश द्वार के सरकुलेटिंग एरिया के विकास तथा स्थानीय कला एवं संस्कृति को शामिल करते हुए स्टेशन का सौंदर्गीकरण, प्लेटफार्म सरफेस का अपग्रेडेशन आदि कार्य होंगे। अभी स्टेशन फसाड तथा स्टेशन परिसर में उन्नत लाईटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्पले बोर्ड, डिजिटल घड़ियाें से जुड़े कार्य हो रहे हैं। इस रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 2900 यात्रियों का आवागमन होता है।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्त ने बताया कि रेलवे स्टेशन के विकास कार्य की स्वीकृति मिली है। 26 फरवरी को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। नई योजना से स्टेशनों का विकास होगा, यात्रियों को सुविधाएं मिलेंगी।