बस्ती में समझौता पत्र का आदान-प्रदान करते दोनों महाविद्यालयों के प्राचार्य व अन्य।
बलरामपुर। जिले में शिक्षा के स्तर को और ऊपर उठाने के लिए दो महाविद्यालयों ने समझौते पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अनुसार दोनों कॉलेजों के भौतिकी विभाग के बीच संसाधनों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
समझौते पत्र में अनुसंधान कार्य की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए अनुसंधान गतिविधियों में सहयोग किया जाएगा। ई-लर्निंग, ई-पुस्तक और शोध पत्र जैसे सीखने के संसाधनों का आदान-प्रदान किया जाएगा। प्रयोगात्मक ज्ञान के व्यापक विस्तार के लिए छात्रों और शिक्षकों के बीच आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा पारस्परिक लाभ के विषय पर छात्रों और संकाय सदस्यों के लिए विद्वान अतिथियों की व्याख्यान श्रृंखला आयोजित की जाएगी। संगोष्ठी, कार्यशाला, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी का संयुक्त रूप से आयोजन किया जाएगा। विभिन्न शैक्षणिक स्तरों पर छात्रों के लिए सहयोगी कॅरियर मार्गदर्शक और परामर्शदाता की व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय, विभागाध्यक्ष भौतिकी विज्ञान प्रो. एके द्विवेदी, प्रो. पीके सिंह, डॉ. आलोक शुक्ला व शिव हर्ष किसान पीजी कॉलेज बस्ती की प्राचार्या प्रो. रीना पाठक व विभागाध्यक्ष भौतिकी विज्ञान डॉ. धर्मेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।