पेहर बाजार (बलरामपुर)। थाना क्षेत्र रेहरा बाजार के छपिया बाजार के घोड़चढ़ी गांव के पास सोमवार को दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें नंदिनी नगर महाविद्यालय नवाबगंज गोंडा में परीक्षा देने जा रही दो छात्राओं समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया।
कार चालक सिराजु ने बताया कि हुसैनाबाद की दो छात्राओं को वह नंदिनी नगर महाविद्यालय नवाबगंज गोंडा परीक्षा दिलाने ले जा रहा था। रास्ते में घोड़चढ़ी गांव के पास अचानक दूसरी ओर से एक कार सामने आ गई। जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक दोनों कारों के बीच भिड़ंत हो गई।
उसका कहना है कि एयरबैग खुलने से जान तो बच गई लेकिन चालक सिराजु व परीक्षा देने जा रही छात्रा आरिफा (20) तथा आयशा (18) चोटिल हो गई। वहीं दूसरी कार के चालक अरविंद वर्मा निवासी चमरुपुर भी चोटिल हो गए।
घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया गया। रेहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पेहर पुलिस चौकी प्रभारी उपेंद्र यादव ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिली है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।