रेहराबाजार (बलरामपुर)। बाजार जा रहे बाइक सवार दो लोगों को स्कार्पियो ने सामने से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने थाने पर सड़क हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के सोमरहा रतनपुर निवासी रामपाल (21) गांव के निवासी बाबूलाल (41) के साथ रेहरा बाजार जा रहा था। रेहरा-उतरौला मार्ग पर महतिनिया गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक कर स्पीड से आ रही स्कार्पियो ने बाइक को सामने से ठोकर मार दी। इससे बाइक पर सवार दोनों युवक गिर गए, जिन्हें रौंदते हुए स्कार्पियों चालक मौके से फरार हो गया। इससे बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवारों ने हेल्मट नहीं लगा रखा था। इसी कारण उनके सिर व चेहरे पर गंभीर चोट आई। स्थानीय लोग दोनों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने बताया कि दोनों की मौत हो चुकी है।
हादसे की जानकारी के बाद मृतक रामपाल व बाबूलाल के रतनपुर स्थित घर पर कोहराम मच गया। पुलिस रामपाल के पिता नकछेद की प्राथमिकी के आधार पर टक्कर मारने वाली स्कार्पियों की तलाश में जुटी है।