बलरामपुर के कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण करते जिलाधिकारी अरविंद सिंह
बलरामपुर। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस मंगलवार को बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालय हों या निजी संस्थान, सभी जगह ध्वज फहराकर स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों को नमन किया गया। कार्यक्रमों में आजादी का अमृत महोत्सव व मेरी माटी मेरा देश अभियान की झलक देखने को मिली।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत मंगलवार की सुबह स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी से हुई। जिले में आए सूबे के संसदीय कार्य व औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने एमएलके महाविद्यालय में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। मंत्री के साथ सदर विधायक पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी व जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद राज्य मंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों पर आधारित झांकी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर एडीएम प्रदीप कुमार, डीआईओएस गोविंद राम, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जेपी पांडेय व पीडी सीपी श्रीवास्तव सहित तमाम अधिकारी, महाविद्यालय के शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने न्याय भवन पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने ध्वजारोहण किया। परिसर में पौधरोपण कर सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सभी पुलिस अधिकारी व जवानों ने राष्ट्र गान का वादन करते हुए अस्पृश्यता निवारण व राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले उप निरीक्षक यातायात अशोक कुमार पांडेय को अति उत्कृष्ट पुरस्कार, निरीक्षक शंभू सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह व मुख्य आरक्षी विनय मौर्य को प्रशंसा चिन्ह रजत पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया।
एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। सीडीओ संजीव कुमार ने विकास भवन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने सीएमओ कार्यालय और नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने पालिका भवन व सभी एसडीएम ने तहसील भवन में ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता दिवस पर स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता कराई गई। स्कूली बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर स्वतंत्रता का संकल्प लिया। जिला सूचना विभाग की तरफ से वीर विनय चौराहे पर चित्र प्रदर्शनी लगाकर लोगों को स्वतंत्रता आंदोलन के बारे में जानकारी दी गई। एमपीपी इंटर कॉलेज में एक शाम आजादी के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।