बलरामपुर के पुलिस लाइन में प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित।
बलरामपुर। जिला प्रशिक्षण इकाई द्वारा पुलिस लाइन में 18 दिवसीय फ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सोमवार को परीक्षा के साथ किया गया। परीक्षा में यूपी-112 के 30 पीआरवी कर्मचारी शामिल हुए। आरक्षी विशाल मिश्रा ने परीक्षा में प्रथम स्थान हासिल किया।
18 दिनों तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक यूपी-112 राजमणि शुक्ला, प्रशिक्षक राहुल शुक्ला व रत्नाकर पांडेय ने पीआरवी कर्मियों का एमडीटी के संचालन, अग्नि सुरक्षा, साॅफ्ट स्कील, आपदा प्रबंधन, रिस्पांस टाइम, एससी एसटी एक्ट, प्राथमिक उपचार, एसओपी, यातायात नियम व शस्त्रों के रख-रखाव आदि के बारे में जानकारी दी।
महिला संबंधी मामले होने पर एसओपी के अनुसार कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया। घटना होने पर उत्कृष्ट रिस्पांस टाइम बनाए रखने, आम जनमानस व पीड़ित को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए मौके पर पहुंचने और मामले को नियंत्रित करते हुए स्थिति की जानकारी स्थानीय थाना प्रभारी को देने का निर्देश भी दिया गया।
प्रशिक्षण के बाद कराई गई परीक्षा में आरक्षी विशाल मिश्रा को प्रथम, कौशल को कुमार द्वितीय व विशाल श्रीवास्तव को तृतीय स्थान मिला। अपर पुलिस अधीक्षक नम्रिता श्रीवास्तव ने सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन राधारमण भी मौजूद रहे।