बलरामपुर। सड़क हादसे में घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए यातायात पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। जिले के सभी थानों से उनके थाना क्षेत्र में आने वाले सभी सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों के संचालकों और एम्बुलेंस चालक सहित अन्य के बारे में जानकारी मांगी है।
सीओ यातायात राघवेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि सड़क दुर्घटना होने के दौरान घायलों को तत्काल उपचार दिलाने के लिए एक प्रोफाइल तैयार की जा रही है। मसलन, अगर कोई हादसा होता है तो उसके आसपास कौन सा सरकारी या प्राइवेट हॉस्पिटल है। वहां पर एंबुलेंस सहित क्या-क्या सुविधाएं हैं।
जिले के सभी थानों से उनके एरिया में आने वाले अस्पतालों के चिकित्सा अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी का नाम-पता व मोबाइल नंबर और किस मार्ग पर अस्पताल स्थित है, उसका विवरण मांगा गया है। सीओ ने बताया कि इसकी जानकारी यातायात निदेशालय को दी जाएगी।