बलरामपुर। शहर में जाम की समस्या दिन ब दिन बदतर होती जा रही है। नगर की सभी सड़कों पर लोग जाम में फंसे रहते हैं। यातायात नियमों का पालन न होने से वाहन चालक बेतरतीब तरीके से वाहनों को इधर-उधर लेकर चले जाते हैं जिससे जाम की समस्या और विकराल हो जाती है। सबसे ज्यादा समस्या सुबह आफिस जाने वाले लोगों को तथा दोपहर में स्कूल से छुट्टी होने पर बच्चों को उठानी पड़ती है। इतना ही नहीं कई बार इमरजेंसी में जाने वाले एंबुलेंस भी घंटो जाम में फंसे रहते हैं।
गोंडा रोड पर यातायात नियमों की जमकर धज्जी उड़ाई जा रही थी। वन लेन सड़क पर एक ही साइड से दो-तीन वाहन सड़क पर खड़े हो गए। जिससे दूसरी तरफ से आने वाले लोगों का रास्ता ही बंद हो गया। नतीजा यह हुआ कि लोग जाम में फंसे रहे। स्कूल की छुट्टी हो जाने से विद्यार्थियों को भी जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंचे यातायात विभाग के कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर लोगों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाई।
नगर के हृदयस्थली वीर विनय चौराहे से बहराइच जाने वाली सड़क पर झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन गुजरने के बाद लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। वीर विनय चौराहा से पहलवारा तक करीब दो किलोमीटर तक प्रतिदिन भीषण जाम लगता है। आफिस, स्कूल व कचेहरी जाने वाले लोगों को घंटो जाम में फंसना पड़ता है। यहां पर पीआरडी व होमगार्ड तो तैनात रहते हैं लेकिन वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण लगने वाले जाम को संभालना इनके बस में नहीं है।