रेहरा बाजार(बलरामपुर)। रेहरा बाजार-उतरौला मार्ग से बंजरिया हुसैन होते हुए बसावन बनकट जाने वाली सड़क पर बंजरिया हुसैन ग्राम सभा के मजरे पंडित पुरवा के पास बनी पुलिया बीते चार माह से क्षतिग्रस्त है। शिकायत के बाद भी इसकी मरम्मत न होने से क्षेत्र से जुड़ी 15 हजार की आबादी का आवागमन बाधित हो रहा है। इससे परेशान क्षेत्रीय ग्रामीणों व गन्ना किसानों ने डीएम को पत्र भेजकर पुलिया का मरम्मत कार्य प्राथमिकता पर कराने की गुहार लगाई है।
क्षेत्रवासी तुलसीराम, रिंकू मौर्या, राकेश वर्मा, कय्यूम ताजदार व सहजराम आदि ने बताया कि सरयू नहर माइनर पर बनी पुलिया बीते चार माह से क्षतिग्रस्त है। पुलिया टूट जाने के कारण चार पहिया वाहनों का आवागमन जहां पूरी तरह बाधित हो गया है। वहीं पैदल व दो पहिया वाहनों के सवारों को भी आने जाने में काफी परेशानी उठाना पड़ती है।
चीनी मिल में पेराई सत्र के दौरान लक्ष्मनपुर, सीतापुर, पंडित पुरवा, भाऊपुरवा, मदरहवा, नौवाकोल, बंजरिया महादेवा, जरवलिया, अहिरनडीह, भरवनडीह, लालाडीह, नथुनियामोड़, मौर्यागंज, प्रानपुर, देवारीखेरा, बलुआ, कुर्मीडीह व मौर्याडीह सहित 50 गांवों के एक हजार से अधिक किसानों का गन्ना भी इसी रास्ते से चीनी मिल तक पहुंचाया जाता है। ऐसे में पेराई सत्र तक पुलिया दुरुस्त न होने से गन्ना किसानों को काफी परेशानी होगी। इस संबंध में जेई सरयू नहर गोण्डा शुभम गुप्ता ने बताया कि निर्माण की प्रक्रिया शुरू है। शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।