उतरौला (बलरामपुर)। टाउन के फीडर नंबर दो में मंगलवार को अचानक विस्फोट हो गया। इसके बाद फीडर धू-धू कर जलने लगा। फीडर में ड्यूटी कर रहे एसएसओ मीसम अब्बास बाल-बाल बच गए। विद्युत कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग लगने से फीडर के अंदर करीब 70 प्रतिशत उपकरण जल गए। इससे पूरे नगर की बिजली गुल हो गई। इससे 35 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई।
टाउन फीडर में दोपहर में विस्फोट के बाद आग लगते ही विद्युत कर्मियों ने इटईमैदा फीडर से टाउन नंबर दो की आपूर्ति बंद करा दी। संविदा कर्मी मोहम्मद उमर ने बताया कि फायर ब्रिगेड को कई बार फोन किया गया, लेकिन बात नहीं हो पाई। बदलपुर पावर हाउस के कर्मियों ने फायर बिग्रेड से संपर्क कर फीडर में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद दमकल मौके पर पहुंची। दमकल पहुंचने से पहले ही विद्युतकर्मियों ने आग पर काबू लिया था। इसके कारण मोहल्ला गांधीनगर, आर्यनगर, पटेलनगर व रफीनगर समेत नगर के 10 हजार घरों की बिजली गुल हो गई।
जेई कृष्णालाल कनौजिया ने बताया कि फीडर की मरम्मत कराई जा रही है। इसके ठीक होते ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।