बलरामपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की तरफ से सोमवार को जिला स्तरीय शिक्षक संकुल कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शिक्षकों को बेहतर शिक्षण कार्य करने, साप्ताहिक योजना तैयार करने, विभागीय एप को डाउनलोड करने तथा विद्यालय की व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय को निपुण बनाने के लिए शिक्षकों को शपथ भी दिलाई गई।
कार्यशाला का शुभारंभ डायट प्राचार्य हिफजुर्रहमान ने किया। निपुण भारत मिशन के तहत आलोक शर्मा ने साप्ताहिक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। शिक्षकों को दीक्षा एवं रीड एलॉग एप मोबाइल में डाउनलोड कर, उसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। डायट प्राचार्य ने शिक्षक संकुल की उत्पत्ति, महत्व, कार्य एवं दायित्व के बारे में जानकारी दी। कहा कि हम सभी लोग एक टीम हैं। हम सबकी जिम्मेदारी है कि छह से 14 वर्ष तक के बच्चों को बेहतर शिक्षा दें। हमें निपुण विद्यालय, निपुण ब्लॉक व निपुण जिला बनाने में योगदान करना है।
संकुल शिक्षक डॉ. सुबोध श्रीवास्तव ने 10 प्वाइंट टूल किट, डीसी एमआईएस अंकुर मिश्र ने यू डायस प्लस एवं डीसी प्रशिक्षण मोहितदेव दीक्षा एप से संबंधित जानकारी शिक्षकों को दी। कार्यशाला के अंत में डायट प्राचार्य ने विद्यालय को निपुण बनाने के लिए सभी शिक्षकों को शपथ भी दिलाई।