बलरामपुर। राप्ती नदी में उफान से कई गांवों में कटान तेज हो गई है। कटान रोकने और बाढ़ से बचाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम अरविंद सिंह ने सदर तहसील के ग्राम सईहीडी में कटान निरोधक कार्य का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने कटान व बाढ़ रोकने के लिए खरझार नाला एवं हेंगहा नालों पर तटबंध बनाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश भी सिंचाई विभाग के मौजूद अफसरों को दिया।
जिलाधिकारी ने नदी के कटान बिंदुओं की नियमित निगरानी करने के साथ ही कटान निरोधक कार्य को प्राथमिकता पर कराए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंताओं, बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता एवं पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंताओं से कहा कि वह पहाड़ी नालों से होने वाले कटान एवं बाढ़ को रोके जाने के स्थाई समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करें।
अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि लौकहवा डिप पर प्रस्तावित दो सेतुओं के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी बजट स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रदीप कुमार, एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर, आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड भानु प्रताप सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।